Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Magazines cover a wide subjects, including not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

उत्तर प्रदेश

धीरेंद्र शास्त्री पर बरसे सपा सांसद एसपी सिंह, बोले- पर्ची निकालकर लोगों को बनाते हैं मूर्ख, कथा रोकने की मांग

Blog Image
901

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित हनुमंत कथा को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विरोध के बाद अब प्रतापगढ़ से सपा सांसद प्रो. एसपी सिंह ने भी धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बाबा बागेश्वर पर विवादित बयान देने और पर्ची निकालकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। साथ ही जिला प्रशासन से उनकी कथा पर रोक लगाने की मांग की है।

सपा सांसद प्रो. एसपी सिंह ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री लगातार ऐसे बयान देते हैं, जिनसे विवाद पैदा होता है। उनका आरोप है कि पर्ची निकालकर लोगों को मूर्ख बनाया जा रहा है और धर्म को कमाई का जरिया बना लिया गया है। सांसद ने कहा कि ऐसे लोगों को धार्मिक मंच नहीं दिया जाना चाहिए, जिनके बयानों से समाज में भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा होती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी इस आयोजन का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। साथ ही प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में शांति और धार्मिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रस्तावित कथा कार्यक्रम पर रोक लगाई जाए।

अखिलेश यादव के विरोध के बाद सपा नेताओं ने भी खोला मोर्चा

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान के बाद विवाद लगातार बढ़ रहा है। इस मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट के जरिए बाबा बागेश्वर पर निशाना साधा था।

अखिलेश यादव के विरोध के बाद अब पार्टी के अन्य नेता भी इस मामले में खुलकर सामने आ रहे हैं। प्रतापगढ़ के सपा सांसद प्रो. एसपी सिंह ने भी कथा के आयोजन पर आपत्ति जताते हुए इसे रोकने की मांग की है। इससे जिले में प्रस्तावित धार्मिक आयोजन को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।

राजा भैया करा रहे हैं तीन दिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन

दरअसल, प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र के बेंती स्थित परेड ग्राउंड में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय हनुमंत कथा आयोजित होनी प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम का आयोजन जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से कराया जा रहा है।

इस आयोजन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा सुनाएंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चल रही हैं, लेकिन अब राजनीतिक विरोध के चलते यह आयोजन चर्चा का केंद्र बन गया है।

गौरतलब है कि कुंडा की राजनीति में राजा भैया और समाजवादी पार्टी के बीच पहले भी सियासी खींचतान देखने को मिल चुकी है। ऐसे में कथा के विरोध को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

धीरेंद्र शास्त्री के किस बयान पर मचा विवाद?

विवाद की शुरुआत मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से हुई थी। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के त्रिभंग स्वरूप का वर्णन करते हुए उनके खड़े होने की मुद्रा को 'टेढ़ा' बताया था। इसके साथ ही उन्होंने बांसुरी बजाने और धनुष-बाण धारण करने को लेकर भी टिप्पणी की थी।

धीरेंद्र शास्त्री के बयान में 'तुम्हारा कृष्ण, हमारा राम' जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भी आपत्ति जताई गई। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मथुरा, वृंदावन और ब्रज क्षेत्र के कई संतों, धार्मिक गुरुओं और श्रीकृष्ण भक्तों ने नाराजगी जाहिर की।

विरोध करने वालों का कहना था कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण दोनों ही भगवान विष्णु के अवतार हैं। ऐसे में दोनों के स्वरूप और लीलाओं की तुलना करके किसी एक को श्रेष्ठ बताना उचित नहीं है। यादव समाज के कुछ लोगों ने भी इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई थी।

विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी

बयान को लेकर विवाद बढ़ने और धार्मिक संगठनों की ओर से विरोध जताए जाने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि उनकी बात को गलत संदर्भ में लिया गया है। उनका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करना नहीं था, बल्कि ब्रज की त्रिभंग लीला का वर्णन करना था।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण दोनों एक ही परमात्मा के स्वरूप हैं और वह स्वयं भी श्रीकृष्ण के भक्त हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि यदि उनकी टिप्पणी से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं।

हालांकि, माफी के बाद भी विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। अब प्रतापगढ़ में प्रस्तावित हनुमंत कथा को लेकर सपा नेताओं के विरोध ने इस मामले को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post