चंडीगढ़ | कोरोना महामारी के कारण दो साल तक प्रशासन कोई नई भर्ती नहीं कर सका था। इस दौरान विभिन्न विभागों में 1691 पद खाली पड़े-पड़े लैप्स हो गए। इस कारण जो कर्मचारी तैनात थे, उन पर काम का बोझ बढ़ने लगा। अब इन पर फिर भर्ती होगी।गृहमंत्री अमित शाह अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान चंडीगढ़ को बड़ी सौगात देकर गए हैं। गृहमंत्री ने चंडीगढ़ प्रशासन में कर्मचारियों का वर्कलोड कम करने के लिए कोरोना काल के दौरान लैप्स हो चुके 1691 पदों को दोबारा से प्रवर्तित करने को मंजूरी दे दी है। अब प्रशासन इन पदों पर नए सिरे से भर्ती कर सकता है। इसके अलावा चंडीगढ़ प्रशासन के अलग-अलग विभागों में 2096 नए पद सृजित करने के प्रस्ताव पर भी उन्होंने स्वीकृति दे दी है।