कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंग्ली शहर में कई जगहों पर फायरिंग में 2 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया। भारत और कनाडा के समय में 9.30 घंटे का अंतर है। यानी भारतीय समयानुसार यह घटना सोमवार सुबह 9.30 से 3.30 बजे के बीच की है। शूटआउट की वारदात वैंकूवर के पास लैंग्ली शहर में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात को शुरू हुई। एक हमलावर ने रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक शहर की करीब 5 लोकेशन पर बेघर लोगों को अपना निशाना बनाया। हमलावर ने चार लोगों को गोली मारी, जिसमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। हमलावर ने सबसे पहले कैसिनो के पास रात करीब 12 बजे हमला किया। इसके बाद 3 बजे, 5 बजे और 5.45 बजे एक रेसिडेंशियल कॉम्पलेक्स, बस स्टॉप और हाईवे पर भी शूटिंग की। इसके अलावा हमलावर ने मॉल के पास भी गोली चलाई। ये सभी लोकेशन कुछ किमी की दूरी पर हैं।

पुलिस ने बताया कि विलोब्रुक मॉल के पास उन्होंने हमलावर को मार गिराया। कनाडा पुलिस ने फिलहाल हमलावर और मारे गए नागरिकों की पहचान सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पहले मृतकों के परिवार वालों को इस बारे में जानकारी दी जाएगी। उसके बाद ही लोगों के सामने नामों का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि पुलिस हमलावर को जानती है, लेकिन हमला करने के पीछे क्या कारण हो सकता है इसका पता लगाना बाकी है।