मुंबई के कुर्ला पूर्व के नाइक नगर में सोमवार देर रात एक चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 1 की मौत हो गई है, जबकि 3 लोगों की हालत नाजुक है। मलबे में 25 लोग दब गए थे। 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। 10 लोग अभी भी फंसे हुए हैं। NDRF, BMC और मुबंई पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। 4 इमारतों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन लोग फिर भी रह रहे थे। सभी को बचाना हमारी प्राथमिकता है। आसपास की दूसरी इमारतों को खाली कराने और गिराने का काम किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि जब भी बीएमसी नोटिस जारी करे, इमारतें खुद खाली कर दी जानी चाहिए। अन्यथा, ऐसी घटनाएं होती हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। अब इस पर कार्रवाई करना महत्वपूर्ण है।