समस्तीपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों के शव के छत से लटके मिले। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। कुछ लोग इसे खुदकुशी बता रहे तो कुछ हत्या का शक जता रहे हैं। मामला विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर दक्षिणी गांव का है। रविवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के अंदर देखा तो मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद आसपास के लोग वहां जुट गए। पुलिस को बुलाया गया। स्थानीय लोग परिवार के कर्ज में डूबे होने की बात भी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मौके पर पहुंच कर पुलिस छानबीन में जुटी गई। पुलिस ने पांचों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। DSP दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या और सुसाइड, पुलिस दोनों एंगल पर छानबीन कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मरने वालों में 42 वर्षीय मनोज झा, उनकी पत्नी 38 वर्षीय सुंदरमणी देवी, मां 65 वर्षीय सीता देवी और मृतक मनोज का 10 वर्षीय पुत्र सत्यम और 7 वर्षीय पुत्र शिवम शामिल हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की गिरफ्तारी करे।