झारखंड के पलामू से 22 वर्षीय विवाहित महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया, मामला सतबरवा थाना क्षेत्र का है। शिकायत में बताया गया कि बीते शनिवार को महिला का अपने पति व ससुराल वालों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद महिला गुस्सा होकर अपने मायके चली गई। हालांकि, शाम होते ही महिला का पति और अन्य परिजन उसके मायके पहुंचे और उसे मनाने की कोशिश की, इसके बावजूद वह ससुराल वापस जाने को राजी नहीं हुई। 

इसके बाद महिला के परिवार वालों ने उसे समझा कर पति के साथ वापस भेजने के लिए राजी कर लिया। इसी बीच महिला के पति ने अपने साढू के भाई को भी साथ चलने के लिए बुला लिया। तीनों लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस लौटने लगे। तभी भलुआही घाटी के पास छह अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। 

बदमाशों ने तीनों के पास से मोबाइल और बाइक छीन ली और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने महिला के पति और दूसरे व्यक्ति को बंधक बना लिया और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। करीब 4  घंटे तक महिला के साथ दुष्कर्म हुआ। बाद में महिला की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दो बदमाशों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बदमाशों को जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल एक बाइक को बरामद कर लिया गया है। महिला के पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने बताया, महिला काफी डरी हुई है और किसी चीज का जवाब नहीं दे रही है।