अलवर। यहां अलवर नगर विकास न्यास ने बगैर लाइसेंस के संचालित किए जा रहे 7 कैफे और स्पा को सीज कर दिया है। पुलिस ने मनु मार्ग पर संचालित हो रहे इन कैफे और स्पा पर हाल ही में अनैतिक कार्यों में लिप्तता के चलते कार्रवाई की थी। अब पता चला है कि इन कैफे और स्पा संचालकों के पास लाइसेंस भी नहीं थे। शहर में इन दिनों कैफे और स्पा का धंधा जोरों पर चल रहा है। इसी जानकारी पर पुलिस ने कार्रवाई की थी।
  नगर विकास न्यास के अधिशासी अभियंता कुमारसंभव अवस्थी ने बताया कि मनु मार्ग पर पुलिस ने हाल ही में 7 कैफे और स्पा पर कार्रवाई की गई थी, जिसमें 21 युवक-युवतियों को यहां अनैतिक कार्य के आधार पर पकड़ा था। इसके बाद नगर विकास न्यास ने सभी दुकानदारों से कैफे और स्पा चलाने का लाइसेंस मांगा, लेकिन उनके पास लाइसेंस नहीं थे। उसके बाद अलवर कोतवाली पुलिस के सहयोग से नगर विकास न्यास की टीम ने सभी 7 कैफे और स्पा पर सील लगाने की कार्रवाई की। नगर व्यास विकास न्यास की टीम शाम 5 बजे वहां पहुंची। जहां-जहां से अनैतिक कार्य में लिप्त स्पा और कैफे से लड़कियों को और लड़कों को हिरासत में लिया गया था, वहां से उन सभी कैफे और स्पा पर करीब 2 घंटे की कार्रवाई के बाद सभी को सीज कर दिया गया।