पंजाब | तरनतारन के कस्बा पट्टी के वार्ड नंबर-7 में प्रेम विवाह करने वाली युवती को उसके भाइयों ने दातर से काटकर मार डाला। तीन माह पहले युवती ने स्थानीय न्यायालय में अपने प्रेमी के साथ शादी की थी। लड़की का परिवार इस शादी से नाखुश था। इसी नाराजगी में लड़की के सगे और चचेरे भाई ने सरेबाजार ढाई मिनट में दातरों से उसे काट दिया। बीच सड़क में लड़की पांच मिनट तक तड़पती रही और उसके बाद उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने मृतक स्नेहा के सगे भाई रोहित और चचेरे भाई अमर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, अपराधी फरार हैं। स्नेहा का राजन जोशन के साथ प्रेम-प्रसंग था। दोनों के प्यार से लड़की का परिवार खुश नहीं था। इसके बावजूद दोनों ने शादी करने का मन बना लिया। तीन माह पहले स्नेहा ने अपने परिजनों से छिपकर स्थानीय अदालत में राजन के साथ शादी कर ली। इसी बात को लेकर स्नेहा के भाई और मां दोनों के खिलाफ रंजिश रखने लगे।