कोटा | करौली में गर्ल्स हॉस्टल में कम खाना देने सहित कई समस्याओं को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित छात्राओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी मांगों को लेकर जिला परिषद के सीओ को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।मीडिया रिपोर्टस के अनुसार मामला करौली कलेक्ट्रेट के सामने स्थित गर्ल्स हॉस्टल राजकीय सावित्रीबाई फुले गर्ल्स हॉस्टल का है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें समुचित मात्रा में भोजन नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते कई बार छात्राओं की तबीयत बिगड़ जाती है। इसके साथ ही उन्होंने हॉस्टल अधीक्षक पर सप्लाई में आने वाले बिस्किट के बदले पैसे वसूलने का भी आरोप लगाया।छात्रा विनीता और अनीता ने बताया कि उन्हें दूध, फल भी नहीं दिया जाता। यहां तक की उन्हें परिवार से भी बात करने में समस्या आती है। इसके अलावा छात्रों ने अधीक्षक पर धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्राओं ने कहा कि हॉस्टल से नाम काटने और देख लेने की धमकी दी जाती है। लड़कियों ने सही मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाना दिलाने और आरोपी हॉस्टल अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।