अब रांची से दिल्ली से जाने वाली गरीब रथ की बोगियां बदली जाएंगी। रांची रेल मंडल ने भी मुख्यालय में गरीब रथ के लिए नई बोगियों की मांग की है। पूरे देश में बारी-बारी से गरीब रथ की बोगियां बदली जा रही हैं। 

बोगियों को हटाकर थर्ड एसी के इकोनामी कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन में नया रेक एलएचबी कोच होगा। इन बोगियों के बदले जाने से अब एक कंपार्टमेंट में नौ की जगह आठ बर्थ होंगे। यानी ट्रेन से साइड मिडिल बर्थ हटाई जाएगी। जो गरीब रथ के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की बात होगी। अच्छी बात ये है कि किराया नहीं बढ़ाया जाएगा। इकोनॉमी कोच लग जाने से गरीब रथ की सूरत बदल जाएगी।

2006 में हुई थी गरीब रथ एक्सप्रेस की शुरुआत

वर्ष 2006 में गरीब रथ एक्सप्रेस की शुरुआत की गई थी। इन बोगियों की उम्र करीब 20 वर्ष होती है। दो वर्ष के बाद बोगियों के बदलने का वक्त हो जाएगा। वहीं, रांची रेल मंडल से खुलने वाली धरती आबा रांची-एर्नाकुलम एक्सप्रेस व रांची हावड़ा क्रिया योग एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में इकोनॉमी बोगी लगाई जा रही है।

इकोनॉमी बोगी की सुविधाओं को पसंद कर रहे हैं यात्री

सामान्य थर्ड एसी की बोगी में 72 बर्थ व गरीब रथ में 78 बर्थ होते हैं। जबकि इकोनॉमी बोगी में बर्थ की संख्या 80 हो गई है। एलएचबी कोच ज्यादा आरामदेह और सुरक्षा मानकों में सबसे ज्यादा बेहतर होता है। ट्रेन का किराया थर्ड एसी से करीब 400 रुपये तक कम होता है। यात्री भी इस ट्रेन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

गरीब रथ के कोच के लिए मुख्यालय से मांग की गई है। कोच बदलने से यात्रियों को सहूलियत होगी। नया कोच ज्यादा आरामदेह और सुरक्षा के मानकों में ज्यादा बेहतर होगा।