राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल जिले के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

गर्मी से राहत जारी रहेगी

हाल के दिनों में बिहार के लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली  है। राज्य में 20 अप्रैल के बाद से अबतक करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर चुका है। बारिश और बादलों ने राज्य को चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाई है।

छाये रहेंगे बादल, बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान के अनुसार एक तक राज्य में बारिश और बादल छाये रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बनने के साथ बादलों का डेरा, पूर्वी हवा का प्रवाह होने के कारण पटना समेत प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बने होने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट जारी है।

अस्पतालों में बढ़ गई थी मरीजों की संख्या

बीते 12 अप्रैल के बाद से ही बिहारवासी चिलचिलाती गर्मी से परेशान थे। 12 अप्रैल से लेकर 20 अप्रैल के दौरान राज्य का तापमान 40 डिग्री सेल्शियस के पार चला गया था। भीषण गर्मी और लू के कारण राज्य के अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी तेजी देखने को मिली थी। हालांकि 20 अप्रैल के बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है।