हैदराबाद पुलिस ने तेलंगाना के भाजपा विधायक राजा सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि उन्होंने एक विशेष समुदाय की धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। हैदराबाद के कंचनबाग थाने में राजा सिंह के खिलाफ भादंवि की धारा 295ए के तहत केस दर्ज किया गया है। मोहम्मद अली नाम के शख्स की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। अली पेशे से हैदराबाद के व्यवसायी हैं।

कंचनबाग थाने के सीआई उमा महेश्वर ने बताया कि हमने विधायक राजा सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता मोहम्मद अली ने कहा है भाजपा विधायक का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें राजा सिंह एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करते नजर आ रहे हैं। मामले की जांच चल रही है। वीडियो की प्रामाणिकता और उसकी तारीख व समय की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है।