हरियाणा में रविवार को सियासत चरम पर रहेगी। भाजपा और कांग्रेस के साथ ही प्रदेश में पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी की तीन अलग-अलग जिलों में रैलियां हैं। सिरसा में बिजली मंत्री रणजीत सिंह की ओर से आयोजित प्रगति रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भूपेंद्र हुड्डा फतेहाबाद में विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कुरुक्षेत्र में अब बदलेगा हरियाणा रैली कर हुंकार भरेंगे।

तीनों ही दलों की नजर निकाय, पंचायत और 2024 के विधानसभा चुनाव पर है। भाजपा तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने, कांग्रेस वापसी करने और आप पहली बार हरियाणा में सरकार बनाने के लिए अभी से चुनावी मोड में आ गई है। रविवार को होने वाली रैलियों में तीनों ही दलों का निशाना एक-दूसरे पर रहने वाला है। केजरीवाल हरियाणा के विकास का अपना मॉडल बताने आ रहे हैं। उन्होंने रैली को नाम ही अब बदलेगा हरियाणा दिया है। इसके जरिये वह आम आदमी पार्टी और खुद के लिए भी प्रदेश की जनता से एक मौका मांगेंगे। आप के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का कहना है कि उनकी रैली को विफल करने के लिए भाजपा, कांग्रेस ने रविवार को ही अपने कार्यक्रम रखे हैं। बावजूद इसके दोनों ही दलों की रैलियों से आप की रैली में अधिक भीड़ जुटेगी।