हरियाणा में सत्तारुढ़ भाजपा को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुनौती दे रही है। आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए 25 मई को हरियाणवी सिंगर केडी से पार्टी के लिए एक गाना गवाया। जिसके बोल हरियाणा के लाल ने, एक मौका केजरीवाल ने, जारी किया। अब पॉप सिंगर दलेर मेहंदी ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के लिए गाना तैयार किया है।

दलेर मेहंदी के गाने के बोल अपना सीएम प्यारा रे, मनोहर जी के राज में बदला, हरियाणा है सारा रे है। 30 मई को गुरुग्राम में इसे लॉन्च किया जाएगा। प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर यह गाना तैयार किया गया है। हरियाणवी सिंगर केडी उर्फ कुलबीर दनौदा आम आदमी पार्टी के युवा अध्यक्ष हैं और उन्हें स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी दी गई है। केडी किसानों के लिए भी गीत गा चुके हैं।
देश में कलाकारों का पॉर्टी जॉइन करने का सिलसिला नया नहीं है। हरियाणा की प्रसिद्ध डांसर सपना चौधरी ने विधानसभा चुनाव 2019 से पहले भाजपा की सदस्यता ली थी। हालांकि सपना को टिकट नहीं मिल पाई, जिस कारण वह चुनाव नहीं लड़ पाई। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की टिकट पर गायक बलकार सिद्धू विधायक बने हैं। पंजाब के कई कलाकार आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं।