बिलासपुर। मंगलवार की सुबह रिमझिम फुहारों के साथ बारिश हुई। झड़ी जैसी स्थिति बनी रही। दिन चढ़ने के साथ बारिश भले थम गई लेकिन बादल अभी मंडरा रहे हैं। रात में 10 मिलीमीटर बारिश  दर्ज की गई है। मौसम विभाग की माने तो आज भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। सावन की झड़ी और शानदार मौसम ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया है। एक दिन पहले दिन का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जिसके कारण उमस महसूस हुई। वहीं मंगलवार की सुबह रिमझिम फुहारों के साथ बारिश होने के बाद लोगों को ठंडक भी महसूस हुई।संभाग में मानसून द्रोणिका सक्रिय होने के कारण कई स्थानों में रुक-रुक कर बारिश जारी है। इस साल जुलाई में औसत से अधिक बारिश होने के कारण किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं। हालांकि उन्हें यह भी चिंता है कि कहीं और अधिक बारिश हुई तो इससे फसलों को नुकसान हो सकता है। फिलहाल सावन मनभावन बना हुआ है। शानदार मौसम का सभी मजा उठा रहे हैं।