महिला की हत्या कर उसके शव को जला दिया गया। पड़ोसियों ने आज सुबह घर से निकलती आग की लपटें देखकर पुलिस को बुलाया। पुलिस शव को अस्पताल लेकर गई। मृतका के बेटों ने हत्या का मामला दर्ज करवाया। मामला सवाईमाधोपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। थानाधिकारी चन्द्रभान सिंह ने बताया कि उलियाना गांव में रहने वाली मेहन्दी (55) पत्नी भेरूलाल का शव उनके घर से बरामद किया गया है। शव जला हुआ था। मृतका घर में अकेली रहती थी। शुक्रवार रात घर में सो रही थी। सुबह आग देखकर पड़ोसियों ने सूचना दी।

आरोपियों ने हत्या कर सबूत मिटाने के लिहाज से शव को जला दिया। हादसे की सूचना पर मृतका के दोनों बेटे धर्मराज और धनराज मीणा गांव पहुंचे। उन्होंने चार लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। महिला के पति की मौत साल 2014 में हो चुकी है। महिला के दो बेटे है। दोनो बेटे अपनी पढ़ाई कर रहे है। जिसके चलते महिला घर पर अकेली रहती है और खेती का काम करती है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में जांच की जा रही है।