छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग ने एक नर तेंदुए का शव बरामद किया है। तेंदुए के शरीर से पंजे और दांत जैसे कई अंग गायब हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि पड़ोसी राज्य उड़ीसा से लगे दक्षिण उदंती क्षेत्र के जंगल में वन विभाग ने लगभग 5 वर्षीय एक नर तेंदुए का शव बरामद किया है। शव करीब 4-5 दिन पुराना है। जैन ने बताया, 'तेंदुए के शव में पंजे और दांत नहीं पाए गए हैं, जिससे उसके अवैध शिकार की आशंका जताई जा रही है। शव सड़ चुका है इसलिए मौत के कारणों के संबंध में तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई है। शव के नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।' 

वन विभाग ने जब खोजी कुत्ते के दस्ते के साथ क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, तब इंदागांव में एक संदिग्ध के घर से हिरन, भालू और मोर के शरीर के अंग, बिजली के तार, धनुष-बाण और शिकार में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि जब घर की तलाशी ली गई तब संदिग्ध व्यक्ति वहां नहीं था। उसके संबंध में जानकारी ली जा रही है। घर से तेंदुए के शरीर के अंग बरामद नहीं हुए हैं।  वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।