चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस और हरियाणा यूथ कांग्रेस की ओर से आज चंडीगढ़ सेक्टर-16 स्टेडियम के पास ईडी और BJP के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यूथ कांग्रेसियों ने कहा कि एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) का ऑफिस पूरी तरह BJP कार्यालय बन चुका है। भाजपा नेताओं के हाथ में ईडी ऑफिस की बागडोर है। ईडी ऑफिस पूरी तरह भगवा रूप धारण कर चुका है। लगातार ईडी, सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से भाजपा सरकार द्वारा विपक्ष पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्हें बदनाम करने की गंदी साजिश रची जा रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा के होर्डिंग्स पर कालिख भी पोथी गई। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के मुखौटे पहनकर प्रदर्शन किया गया। चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस के प्रधान मनोज लुबाना ने कहा कि सोनिया गांधी ईडी की कार्रवाई से नहीं डरी हैं। वह स्वर्गीय इंदिरा गांधी की बहू हैं। इसी तरह राहुल गांधी भी इस कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने नारा लगाया कि BJP हमसे डरती है, ईडी को आगे करती है। BJP  सरकार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। मोदी सरकार की मनमानी और तानाशाही रवैया चलने नहीं दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस भी पूरी तरह से तैयार नजर आई। प्रदर्शनकारियों को पुलिस पकड़ कर थाने ले गई।