झांसी में भाजपा के गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत और ग्रामीण जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा के बीच झड़प हो गई। मामला गुरुवार शाम सर्किट हाउस का है। दोनों कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के इंतजार में बैठे थे। तभी सड़क के टैंडर को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। भाजपा नेताओं को बीच में आकर दोनों को शांत कराना पड़ा। इसका किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। अब जनपद में वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।

जनपद की मोंठ ब्लॉक के सिमरिया से शाहजहांपुर गांव के बीच बनी सड़क जर्जर हालत में है। स्थानीय गरौठा विधायक ने प्रयास किया तो PWD ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा। गरौठा विधायक के पैरवी करने पर बजट मंजूर हो गया। इसका पीडब्ल्यूडी ने टेंडर कर दिया। तब विधायक भूमि पूजन कर आए। इधर, जिला पंचायत ने भी उसी सड़क का टेंडर निकाल दिया। ये टेंडर जिलाध्यक्ष की फर्म को मिल गया। तब जिलाध्यक्ष ने भी भूमि पूजन कर दिया। ऐसे में पीडब्ल्यूडी या जिला पंचायत में से किसी एक का टैंडर कैंसिल होगा। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

गुरुवार को 3 मंत्रियों का झांसी दौरा था। इसलिए भाजपा नेता सर्किट हाउस में एकजुट थे। वहां विधायक राजपूत और जिलाध्यक्ष कुशवाहा का आमना-सामना हो गया। करीब 5 मिनट तक दोनों के बीच बहस चलती रही। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद विधायक और जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनके बीच कोई विवाद नहीं है। पार्टी के सभी लोग एक परिवार की तरह हैं।