छत्तीसगढ़ में हाथियों ने जशपुर जिले में एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। ग्रामीण अपने 5 दोस्तों के साथ जंगल गया था, जहां हाथी से उसका सामना हो गया। घटना की सूचना के बाद वन विभाग का अमला गांव पहुंचा। हाथी की मौजूदगी वाले जंगल में ग्रामीणों को जाने से मना किया। वहीं हाथियों की निगरानी भी की जा रही है। यह हादसा कंडोरा करमटोली जंगल में हुआ है। 

मिली जानकारी के मुताबिक राजेश राम (36 वर्ष) अपने 5 साथियों के साथ कुनकुरी वन परिक्षेत्र के जंगल गया था। सभी कंडोरा करमटोली जंगल के नाले में मछली पकड़ने के इरादे से गए थे। तभी उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी को देखकर सभी जान बचाकर भाग निकले, लेकिन राजेश भाग नहीं पाया। हाथी ने उसे सूंड से उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया। सूचना पर वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के 2 बच्चे भी हैं। वह पेशे से ट्रैक्चर चालक था। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। हाथियों की गांव के करीब आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है।