पंजाब | फरीदकोट की भान सिंह कालोनी की गली नंबर छह में रहने वाला एक दंपति अपने दो बच्चों के साथ संदिग्ध हालत में लापता हो गया है। परिवार का मुखिया भरमजीत सिंह अपनी पत्नी रूपिंदर कौर ,12 वर्षीय बेटी मन्नतप्रीत कौर और 10 वर्षीय बेटे राजदीप सिंह के साथ अपनी कार में 11 जून को निकला था। उसके बाद से पूरा परिवार लापता है। उनके बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिल रही है। भरमजीत सिंह के ससुर की शिकायत के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में गांव राजोवाल निवासी महिंदरपाल सिंह ने बताया कि उसकी बेटी रूपिंदर कौर का विवाह करीब 15 साल पहले गांव मिड्डूमान निवासी भरमजीत सिंह के साथ हुआ था। इन दिनों वे भान सिंह कालोनी में अपने दोनों बच्चों के साथ रह रहे थे।11 जून को सुबह 8 बजे वह अपनी बेटी से मिलने उनके घर आया था जहां पर ताला लगा हुआ था। उसी दिन शाम को करीब पांच बजे वह दोबारा आया तो उस समय भी घर बंद ही था। उसने अपने दामाद भरमजीत सिंह को फोन किया। उसने कहा कि वह कार चला रहा है और बाद में फोन करेगा। इसके बाद उनका कोई फोन नहीं आया। बाद में दामाद व बेटी के फोन बंद हो गए।