पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक सुखपाल खैहरा पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। यह केस मोहाली में IPC की धारा 465, 471 और IT एक्ट की धारा 66-D के तहत दर्ज हुआ है। AAP नेता ने यह केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि इन दोनों नेताओं ने आप कनवीनर अरविंद केजरीवाल के फर्जी साइन वाला चेयरमैन का अपॉइंटमेंट लेटर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।

आम आदमी पार्टी ने गुरूवार को पंजाब में बोर्ड और कार्पोरेशन के 9 चेयरमैन नियुक्त किए थे। इसका एक लेटर कांग्रेस ने शेयर किया। जिसमें नीचे अरविंद केजरीवाल के कथित साइन थे। हालांकि कांग्रेस का दावा था कि आम आदमी पार्टी के एक वर्कर अंकित सक्सेना ने इसे अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया। वड़िंग और खैहरा ने कहा कि इस लेटर से साफ है कि पंजाब सरकार दिल्ली से चल रही है। सीएम भगवंत मान को चेयरमैन लगाने तक की अथॉरिटी नहीं है। इसके लिए अरविंद केजरीवाल की अप्रूवल ली जा रही है। कांग्रेस नेताओं के पोस्ट शेयर करने के तुरंत बाद आप ने इसे फेक करार देते हुए फेक न्यूज पैडलर्स पर एक्शन की चेतावनी दी थी। मोहाली में आप की जिला प्रधान प्रभजोत कौर ने कहा कि खैहरा और वड़िंग ने फर्जी दस्तावेज शेयर किया।