कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके में गुरुवार अलसुबह एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। जिसके चलते 30 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि फैक्ट्री में उस समय कोई मजदूर नहीं था। दमकल की 4 गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि उद्योग नगर इलाके में इंडस्ट्रियल एरिया में एरोमेटिक नामक केमिकल फैक्ट्री है। जहां रुई से सैल्यूलोज पाउडर बनाया जाता है। अंदर केमिकल होने की वजह से आग तेजी से फैली और जल्द ही मशीनरी को चपेट में ले लिया। जब तक फैक्ट्री मालिक अजय गुप्ता को घटना की जानकारी लगी आग काफी फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। अंदर काफी मात्रा में रुई थी जिससे की आग जल्दी फैली।

दमकल कर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल आग की वजह से 30 लाख से ज्यादा का नुकसान होना बताया जा रहा है।