पंजाब। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को सरकार के खिलाफ बोलते ही विजिलेंस ने तलब कर लिया। गुरुवार को चन्नी ने जालंधर में सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था। इसके बाद देर शाम उन्हें व्हाट्सएप पर विजिलेंस की तरफ से आय से अधिक संपत्ति मामले में शुक्रवार को पेश होने के लिए कहा गया। शुक्रवार को विजिलेंस के सामने पेश होने से पहले चन्नी आप सरकार पर फिर बरसे। 

शुक्रवार को चन्नी कांग्रेस नेताओं के साथ मीडिया से रुबरु हुए। इस दौरान चन्नी ने कहा कि कितनी हैरानी वाली बात है कि वैसाखी के छुट्टी वाले दिन पंजाब सरकार ने अपने दफ्तर खोल कर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि वह पहले दिन से कह चुके हैं कि वह कांग्रेस के अत्याचारों का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आज उन्हें विजिलेंस ने बुलाया है। इस दौरान उन्हें बैठाया जाएगा। गिरफ्तारी भी की जा सकती है। यहां तक उन्हें जान से भी मारा जा सकता है, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। 

चन्नी ने कहा कि उन्हें अपने गुरु साहिबान से पूरी प्रेरणा मिली हुई है। ऐसे में अकेले ही विजिलेंस के सामने पेश होने जाएंगे। इससे पहले विजिलेंस की तरफ से उन्हें 12 अप्रैल को तलब किया गया था। उन्होंने व्यस्त होने के चलते 20 तारीख का समय विजिलेंस से लिया था। लेकिन अब जिस तरह से उन्हें बुलाया गया है, इसके लिए वे भगवंत मान सरकार का धन्यवाद करते हैं। 

दूसरी तरफ पार्टी के सीनियर नेताओं ने कहा कि वह चन्नी के साथ हैं। चन्नी को भेजे गए समन से बात साफ हो गई है कि सरकार जालंधर लोकसभा चुनाव से डरी हुई है सरकार अपनी हार को देखकर इस तरह के हथकंडे अपना रही है।

कांग्रेस ने कहा डरेंगे नहीं

पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को जब पहले दिन सरकार ने नोटिस भेजा था, उस दिन से ही कांग्रेस इसके विरोध में आ गई थी। कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल टि्वटर हैंडल से एक पोस्ट की थी जिसमें उन्होंने लिखा था कि हम डरेंगे नहीं हराएंगे।
 
चन्नी की पेशी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दूसरी तरफ विजिलेंस ऑफिस मोहाली में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की पेशी को लेकर सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। डीएसपी की अगुवाई में काफी फोर्स लगाई गई है। इसके अलावा विभाग द्वारा गठित टीम भी वहां पर पहुंच गई है। इसके अलावा कांग्रेस समर्थक भी वहां पहुंच रहे हैं।