झारखंड की राजधानी रांची में आज से लेकर 25 जुलाई तक बादल छाए रहेंगे। कुछ-कुछ जगहों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछार भी पड़ सकती है।

27 से 29 जुलाई तक अच्छी वर्षा की संभावना

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर होने के कारण 27 से 29 जुलाई तक झारखंड में अच्छी वर्षा देखने को मिलेगी। इसका असर राजधानी में भी दिखेगा। उन्होंने बताया कि रांची में लगातार तेजी से वर्षा कम हो रही है। इसका एक मुख्य कारण पेड़ों की अंधाधुन कटाई और कंक्रीट वाले भवन है।

चाईबासा में आज का मौसम

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में रविवार को दिन में आसमान में बादल छाये रह सकते हैं। शाम के समय तेज वर्षा की भी संभावना है। इस बीच अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

कोडरमा में आज का मौसम

आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

पलामू में आज का मौसम

पलामू, गढ़वा व लातेहार में उमस की गर्मी कायम है। इससे जनता परेशान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। आज वर्षा होने की संभावना शून्य है। हालांकि, अगले कई दिनों तक हल्की वर्षा के साथ मौसम का मिजाज गर्म ही रह सकता है।

जामताड़ा का मौसम

अगले दो दिनों के दौरान जामताड़ा समेत आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही हल्की बूंदाबांदी आसार बने रहेंगे। आसपास के इलाकों में एक एमएम तक बारिश हो सकती है।