बिहार में मानसून इस बार सामान्‍य वक्‍त से पहले आ सकता है। इससे पहले ही पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा के कारण राज्‍य में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का सिलसिला शुरू हो गया है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज आदि जिलों में बारिश के आसार हैं। इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है। इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आपको बता दें कि केरल में मानसून सामान्‍य समयसीमा से तीन दिन पहले पहुंच रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पूर्णिया में मानसून 13 जून तक पहुंच सकता है। उसके बाद से पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में इस बार 11 जून को मानसून आगमन के आसार हैं। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्री-मानसून के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि की प्रबल संभावना है। उत्तर दक्षिण बिहार में बारिश की गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी।