चंडीगढ़ | पंजाब की नाभा जेल से साल 2016 में कैदियों के भगाने के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी कुख्यात गैंगस्टर रमनजीत सिंह रोमी को जल्द ही हांगकांग से भारत लाया जाएगा। हांगकांग की एक अदालत ने रोमी के खिलाफ भारतीय पुलिस के आरोपों को पर्याप्त मानते हुए उसके प्रत्यर्पण की मंजूरी दे दी है।पंजाब पुलिस के सूत्रों ने बताया कि भारत सरकार की ओर से औपचारिक जानकारी मिलते ही पंजाब पुलिस की एक टीम रोमी को लाने हांगकांग जाएगी। रोमी को साल 2018 में एक डकैती के सिलसिले में हांगकांग में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद पंजाब पुलिस ने उसके प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू करने के लिए विदेश मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाया है। रोमी साल 2016 से लापता है। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। पंजाब पुलिस को शक है कि साल 2016-17 में जालंधर और लुधियाना में हुई हत्याओं में भी उसकी अहम भूमिका थी। वह गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह शेखों के संपर्क में था। गुरप्रीत उन छह लोगों में शामिल था, जो नवंबर, 2016 में नाभा जेल से भाग गये थे।