ओडिशा में आज नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण हो गया। राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने सभी नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। जगन्नाथ सारका कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले पहले व्यक्ति हैं। इसके बाद पांच बार के विधायक और बीजद के वरिष्ठ निरंजन पुजारी ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। पुजारी के अलावा अठागढ़ के विधायक रणेंद्र प्रताप स्वैन, सरकार की पूर्व मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक, चिकिटी विधायक उषा देवी, औल विधायक प्रताप देब, प्रफुल्ल मल्लिक, महाकालपाड़ा विधायक अतनु सब्यसाची नायक ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। बता दें कि नायक की 8 साल बाद नवीन कैबिनेट में वापसी हुई है।

वरिष्ठ नेता और बौध विधायक प्रदीप अमात ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। झारसुगुडा के विधायक और राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नबा दास ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। भुवनेश्वर के विधायक अशोक चंद्र पांडा को इस बार कैबिनेट में पदोन्नत किया गया है। टिटलागथ के विधायक तुकुनी साहू को भी मंत्री के रूप में नवीन कैबिनेट में जगह मिली है। नुआपाड़ा से तीन बार के विधायक राजेंद्र ढोलकिया ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में पदभार संभाला। इससे एक दिन पहले सभी 20 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था