चंडीगढ़। पराली से प्रदूषण पर पंजाब से दिल्ली तक राजनीति शुरू हो गई है। सरकार किसी की भी हो पंजाब पर हमेशा आरोप लगते रहे हैं कि वह किसानों को पराली जलाने से रोकने में विफल रहा है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ दिल्ली में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के दौरान माना कि पंजाब में पराली जल रही है।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि हम इस जिम्मेदारी से नहीं भाग रहे हैं कि पंजाब में पराली नहीं जल रही। राज्य सरकार ने इसके लिए कदम उठाए हैं। किसानों को पराली के निस्तारण के लिए मशीनें दी गई हैं। पंचायतों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मान ने कहा कि लेकिन प्रदूषण के लिए सिर्फ पंजाब को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

बता दें,पराली से प्रदूषण के मुद्दे पर हरियाणा भी लगातार पंजाब पर आक्रामक है।दो दिन पूर्व हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा था कि पंजाब में हरियाणा से ज्यादा पराली जल रही है। वहीं, भगवंत मान ने कहा कि अगर पंजाब में पराली जल रही है तो हरियाणा के शहर ज्यादा प्रदूषित क्यों है। हरियाणा के गुरुग्राम व मानेसर का एक्यूआइ पंजाब के शहरों से ज्यादा है।