बिहार की राजधानी पटना समेत  पूरे राज्य में मौसम सामान्य बना हुआ है। मानसून की सक्रियता में कमी आने के कारण झमाझम वर्षा में कमी आई है।

मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में अभी भी सामान्य से 24 फीसद कम वर्षा दर्ज हुई है। मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में 574.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि मानक 756.5 मिमी है।

बादलों की आवाजाही बने होने व कुछ जिलों में छिटपुट वर्षा होने से तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। गुरुवार को पटना सहित दक्षिणी भागों के अधिसंख्य भागों व उत्तरी भागों के कुछ स्थानों पर गरज-तड़क के साथ हल्की व छिटपुट वर्षा की संभावना है।

बीते 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम

बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिणी भागों के अधिसंख्य भागों में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। रोहतास के चेनारी में सर्वाधिक वर्षा 65.6 मिमी दर्ज की गई। वहीं, राजधानी में बुधवार को 8.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

बुधवार को मोतिहारी, मधुबनी को छोड़ कर पटना सहित सभी जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस व 36.9 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

बुधवार को पटना व आसपास इलाकों में दोपहर में बादल छाए रहने के साथ वर्षा होने से मौसम सामान्य बना रहा।

1-2 दिन में अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, एक से दो दिनों में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित होने के कारण प्रदेश में वर्षा की स्थिति में सुधार के आसार है।

मानसून सीजन के दौरान औरंगाबाद, गया, किशनगंज, शेखपुरा में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। जबकि, बक्सर, जमुई, नालंदा, सिवान में वर्षा की स्थिति सामान्य के आसपास है।

प्रमुख जगहों पर वर्षा की स्थिति

भोजपुर के पीरो में 60.4 मिमी, बक्सर में 56.8 मिमी, भोजपुर के चरपोखरी में 56.8 मिमी, बक्सर के डुमरांव में 53.6 मिमी, भभुआ में 46.8 मिमी, बक्सर के चौसा में 44.6 मिमी, जमुई के सोनू में 38.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं, सासाराम में 37.2 मिमी , औरंगाबाद के कुटुंबा में 36.6 मिमी, गया के डुमरिया में 36.4 मिमी, लखीसराय के हलसी में 34.2 मिमी, मोहिनया में 33.8 मिमी, औरंगाबाद रफीगंज में 31.2 मिमी बारिश हुई है।

इसके अलावा, भोजपुर के सहर में 30. 2 मिमी, भोजपुर के तरारी में 29.6 मिमी, भभुआ के कुदरा में 27.2 मिमी, बक्सर के सिमरी में 26.8 मिमी, भभुआ के रामपुर में 26.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।