राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बुधवार देर रात तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इसके चलते गुरुवार को मौसम में खासा बदलाव आया है। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल गई है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक बार फिर देश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दक्षिण पश्चिम मानसून पहले ही उत्तरी अरब सागर, गुजरात, महाराष्ट्र, दक्षिण मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूरे तेलंगाना में आगे बढ़ चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने भविष्यवाणी की है कि मानसून अब अगले दो से तीन दिन में छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ेगा। मानसून के चलते बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व और उससे सटे पूर्वी भारत की ओर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं।इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा में गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। 16 से 19 जून तक झारखंड और बिहार में बारिश हो सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि 17 जून को जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में भी भारी बारिश हो सकती है।