भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 मई को उज्जैन आएंगे। वे यहां महाकालेश्वर के दर्शन करेंगे। कालिदास अकादमी के संकुल में होने वाले आयुर्वेद के महाअधिवेशन में शामिल होंगे। उनके आगमन की तैयारियां युद्धस्तर पर की गई हैं। पूरे शहर को सजाया गया है और महाकाल मंदिर में भी सजावट की गई है। गर्भगृह को मोगरे के फूलों से सजाया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक 29 मई को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उज्जैन पहुंचेंगे। वे कालिदास अकादमी में अखिल भारतीय आयुर्वेद सम्मेलन में शामिल होंगे। करीब डेढ़ घंटे वहां रूकेंगे, इसके बाद भगवान महाकाल के दर्शन के लिए जाएंगे। यह जानकारी भी मिली है कि राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी भी रहेंगी। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आयुष मंत्री भारत सरकार सर्वानंद सोनवाल, आयुष मंत्री मध्य प्रदेश शासन रामकिशोर कावरे, उज्जैन के सांसद विधायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अधिकारियों द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के उज्जैन आने से पहले उनकी सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को पुलिस प्रशासन ने रिहर्सल की। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 1700 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। महाकाल मंदिर की साज सज्जा के साथ ही शहर को भी सजाया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहली बार उज्जैन आ रहे हैं। उनके महाकाल मंदिर दर्शन के दौरान कोई असुविधा न हो इसका भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है।