भारत और बांग्लादेश के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रविवार सुबह तस्करों ने BSF की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला बोल दिया। समय रहते ही  BSF ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में एक कथित तस्कर को मार गिराया है। यह घटना रविवार सुबह बॉर्डर आउट पोस्ट सागरपारा, 141 बटालियन के इलाके में हुई, जहां  BSF  के खुफिया विभाग से विश्वसनीय इनपुट मिलने के बाद एक गश्ती दल संदिग्ध गतिविधि के लिए पहले से सतर्क था।

सुबह करीब 3 बजे जवानों ने इलाके में 10-15 तस्करों की आवाजाही देखी और गश्त करने वाले दल को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर बाद तस्करों ने जवानों पर पत्थर और एक धारदार हथियार से हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। BSF के जवानों ने पहले तो उन्हें भगाने की कोशिश की, लकिन जब उनक पर कोई असर नहीं हुआ, तो उन्हें आत्मरक्षा में अपने निजी हथियार के इस्तेमाल पर मजबूर होना पड़ा। जिसके बाद गोलियां चलीं और एक तस्कर मारा गया। गोली चलने के बाद बाकी तस्कर अपने घायल साथी को पीछे छोड़कर अंधेरे की आड़ में फरार हो गए। घायल तस्कर ने दम तोड़ दिया। जवानों ने तस्करों के पास से 532 बोतल फेंसेडिल बरामद की। मृतक तस्कर की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी रोहिल मंडल के रूप में हुई है, जो कि एक भारतीय नागरिक था।