पटना। प्री-मानसून के दौर में भी बिहार में भीषण गर्मी कहर बरपा रही है। रविवार को बक्सर प्रदेश का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां का तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य के पश्चिमी इलाके में हीट वेब ने लोगों को खूब परेशान किया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, डिहरी, बक्सर एवं औरंगाबाद में हीट वेब चला। सोमवार को भी उन इलाके में लू चलने की आशंका है। बक्सर के अलावा गया में अधिकतम तापमान 43.8, डिहरी और औरंगाबाद में 44.2 रिकार्ड किया गया। बिहार में आम तौर पर सबसे गर्म जिलों के तौर पर गया की पहचान रही है, लेकिन इस साल बक्‍सर ने गया को काफी पीछे छोड़ दिया है।पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना कि अब तक बक्सर एवं आसपास के इलाके में पहले इतना तापमान रिकार्ड नहीं किया गया था। पहले बक्सर में आटोमेटिक वेदर सेंटर नहीं था। अब लगाया गया है तो वहां से भी तापमान रिकार्ड किया जाने लगा है। इसकी वजह से ही इस वर्ष ज्‍यादातर दिवसों में बक्‍सर का ही तापमान सर्वाध‍िक रिकार्ड किया गया है।