लुधियाना। दिल्ली जीटी रोड पर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां किसी वाहन की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। फुल स्पीड से चलने वाले सैंकड़ों वाहन रात भर उसके शव के ऊपर से निकलते रहे। मगर किसी ने उसे हटाने की जहमत नहीं उठाई। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर जब तक थाना साहनेवाल पुलिस वहां पहुंची तो उस शव की हालत ऐसी थी कि उसे पहचान पाना भी मुश्किल हो चुका था।बहरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस 72 घंटे तक इंतजार करने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराएगी। एएसआइ राजवंत सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह हवलदार जसवीर सिंह ईस्टमैन चौक में ड्यूटी कर रहा था। उसी दौरान उसे सूचना मिली कि जीटी रोड ग्यासपुरा स्थित ओडी शोरूम के सामने एक महिला का शव सड़क पर पड़ा हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है कि शुक्रवार रात रोड पार करते समय किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। रात भर उसके शव के ऊपर से वाहन निकलते रहे।