जालंधर शहर के सिविल अस्पताल में एक्सरे विभाग में मरीजों को होने वाली समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इस माह में दूसरी बार एक्स-रे सेवाएं ठप होने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सिविल अस्पताल में पहले एक्सरे फिल्में खत्म होने की वजह से पांच दिन तक एक्सरे विभाग की सेवाएं बंद रही। इसके बाद बुधवार को एक्स-रे यूनिट का एसी खराब होने से मशीन नहीं चल पाई। सुबह मशीन चल रही थी और करीब 25 एक्स-रे किए गए।

हालांकि रोजाना 125-150 के करीब एक्सरे होते हैं। इस दौरान एसी खराब होने की मशीन ने भी काम करना बंद कर दिया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने एक्स-रे सेवाएं ठप होने की सूचना अस्पताल प्रशासन को दी। वहीं लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। कई मरीजों ने निजी सेंटरों से मंहगा एक्स-रे करवाकर इलाज करवाया। सिविल अस्पताल के कार्यकारी एमएस डा. गुरमीत लाल ने बताया कि उन्हें इस संबंध में सूचना मिली और उन्होंने एसी ठीक करवाने के लिए आदेश जारी कर दिए है।