मौसम विभाग ने मंगलवार को रांची समेत बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, देवघर, गिरीडीह सहित अन्य जिलों में भी भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के अनुसार सोमवार को रांची में भारी बारिश हुई। सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुक कर रांची में मध्यम से भारी दर्जे की बारिश होती रही।

रांची में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 35 मिलीमीटर बारिश का आंकड़ा दर्ज किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इस अवधि में रांची में अधिकतम 26.1 और न्यूनतम 22.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सुबह और शाम में हल्की ठंड का एहसास हुआ। इसके बाद 14 से रांची में भारी बारिश नहीं होगी। बीच-बीच में हल्के से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। परंतु राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में से देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।