Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Magazines cover a wide subjects, including not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

उत्तर प्रदेश

अतीक के बेटे उमर के काफिले में शामिल गाड़ियां पुलिस के रडार पर, CCTV और नंबरों से हो रही पहचान; जानें पूरा मामला

Blog Image
905

प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर अहमद के काफिले में शामिल निजी वाहनों को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस अब उन वाहनों की पहचान में जुटी है, जो लखनऊ से प्रयागराज तक उमर के साथ आए थे। इन वाहनों के नंबर और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

दरअसल, अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए उमर अहमद को लखनऊ जेल से पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज लाया गया था। इस दौरान उमर के काफिले के पीछे चल रहे निजी वाहनों पर नवाबगंज और हथिगवां स्थित टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़ने, कर्मचारियों से अभद्रता करने और वाहन चढ़ाने की कोशिश करने के आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

FIR में कई जिलों की गाड़ियां शामिल

प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दर्ज FIR में प्रयागराज की 10, लखनऊ की 9 और आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर तथा झांसी की एक-एक गाड़ी का उल्लेख है। इसके अलावा दिल्ली की एक गाड़ी और कुछ अन्य अज्ञात वाहन भी FIR में शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाहन नंबरों के आधार पर कुछ गाड़ी मालिकों की पहचान कर ली गई है और कई लोगों से पूछताछ भी शुरू हो चुकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय गाड़ी कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन लोग सवार थे।

लखनऊ से काफिले में शामिल हुए या रास्ते में जुड़े?

जांच के दौरान पुलिस इस पहलू को भी खंगाल रही है कि ये निजी वाहन लखनऊ से ही उमर अहमद के काफिले के साथ चल रहे थे या रास्ते में अलग-अलग स्थानों से काफिले में शामिल हुए।

इसके अलावा पुलिस निजी वाहनों में सवार लोगों के आपसी संबंध और उनके उमर के काफिले के पीछे प्रयागराज तक आने की वजह का भी पता लगा रही है। जांचकर्ताओं का एक अहम सवाल यह भी है कि निजी वाहनों का इतना बड़ा काफिला किसके निर्देश पर लखनऊ से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था।

फतेहपुर में भी 21 वाहन चालकों के खिलाफ केस

उधर, फतेहपुर में भी अतीक अहमद का नाम लेकर टोल कर्मचारियों को धमकाने और उन पर वाहन चढ़ाने की कोशिश के आरोप में 21 वाहनों के चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मामला 8 अगस्त का बताया जा रहा है। उस समय अतीक के बेटे अली को झांसी से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। पुलिस काफिले के पीछे चल रहे कई निजी वाहनों ने कटोघन और बड़ौरी टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए निकलने का प्रयास किया था। दोनों टोल प्लाजा प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

झांसी हादसे में दो की मौत, तीन घायल

झांसी में हुए सड़क हादसे में आबान और सोनू खान की मौत हो गई थी। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को परिजनों ने प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।

घायलों में उमर और जैद की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया। करीबियों के मुताबिक, उमर की तीन पसलियां टूटने के साथ फेफड़े में चोट आई है। इसके अलावा हाथ-पैर में भी फ्रैक्चर बताया गया है।

वहीं, जैद की दो पसलियां टूटने और सिर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। उसके हाथ-पैर में भी फ्रैक्चर बताया गया है। तीसरे घायल फारूख अजहम की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस की जांच अब काफिले में शामिल निजी वाहनों, उनके चालकों और सवार लोगों की भूमिका पर केंद्रित है। CCTV फुटेज और वाहन नंबरों के जरिए पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post