गोंडा: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने अस्तित्व का ही ज्ञान नहीं है। उन्हें बहस करने के लिए अच्छा प्लेटफॉर्म मिला हुआ है, इसके बावजूद वह बच्चों जैसी बातें करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चौराहे पर बहस करने की बात कहते हैं।
बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर यह टिप्पणी मंगलवार को की। वह जिला पंचायत सदस्य मुस्तकीम खान के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बिशनपुर बैरिया में मेजर सेवा केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया।
राहुल गांधी को लेकर क्या बोले बृजभूषण?
इस दौरान मीडिया से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बहस करने के लिए अच्छा मंच मिला हुआ है, लेकिन इसके बावजूद वह प्रधानमंत्री से चौराहे पर बहस करने जैसी बातें करते हैं। बृजभूषण ने इसे बच्चों जैसी सोच करार दिया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने अस्तित्व का ज्ञान नहीं है। गौरतलब है कि बृजभूषण शरण सिंह इससे पहले भी कई मौकों पर राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साध चुके हैं।
कई जगह हुआ जोरदार स्वागत
मेजर सेवा केंद्र के उद्घाटन के बाद बृजभूषण शरण सिंह का सालपुर बाजार, चौराहे और अलावल देवरिया में स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
बृजभूषण शरण सिंह के इस बयान के बाद एक बार फिर राहुल गांधी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।