बायाहीबे (डोमिनिकन रिपब्लिक)। कैरेबियाई देश डोमिनिकन रिपब्लिक के लोकप्रिय पर्यटन स्थल बायाहीबे स्थित एक बीचफ्रंट रिजॉर्ट में भीषण आग लगने से एक महिला पर्यटक की मौत हो गई, जबकि करीब 1,700 पर्यटकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, आग विवा विंडहैम डोमिनिकस बीच होटल में लगी थी। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान इटली की नागरिक फ्रांसेस्का वैलेंटिनो के रूप में हुई है।
कई घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
स्थानीय आपदा एवं आपातकालीन एजेंसियों के मुताबिक, आग लगने के बाद राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। लगभग 1,700 पर्यटकों और होटल कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
घटना में तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि छह अन्य को मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा दी गई। फायर ब्रिगेड की कई टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ताड़ के पत्तों वाली छत से तेजी से फैली आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल की छत का एक हिस्सा ताड़ (पाम) के पत्तों से निर्मित था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। तेज हवाओं ने भी आग को और भड़काने का काम किया।
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
पर्यटन गतिविधियां सामान्य
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बावजूद आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि डोमिनिकन रिपब्लिक कैरेबियाई क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष के पहले पांच महीनों में यहां 56 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं।