फरीदाबाद के बल्लभगढ़ बस डिपो से हरिद्वार और देहरादून के लिए चलने वाली रोडवेज बस सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। रोडवेज प्रबंधन ने यात्रियों की संख्या कम होने को इसका मुख्य कारण बताया है। बस सेवाएं बंद होने से रोजमर्रा और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बल्लभगढ़ बस डिपो से हरिद्वार के लिए रोजाना दो बसें संचालित होती थीं। इनमें पहली बस सुबह 5:30 बजे और दूसरी रात 8 बजे रवाना होती थी। हालांकि अब रात 8 बजे चलने वाली बस सेवा को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। फिलहाल यात्रियों को केवल सुबह 5:30 बजे चलने वाली बस की सुविधा ही मिल रही है।
वहीं, देहरादून जाने वाली बस सेवा भी पिछले कई दिनों से बंद है। यह बस पहले सुबह 9 बजे बल्लभगढ़ डिपो से रवाना होती थी और एनआईटी, सराय काले खां, कश्मीरी गेट और रुड़की होते हुए देहरादून पहुंचती थी। इस रूट पर केवल एक ही बस का संचालन हो रहा था, जिसके बंद होने से देहरादून के साथ-साथ मसूरी की ओर जाने वाले यात्रियों को भी काफी दिक्कत हो रही है।
वैकल्पिक व्यवस्था क्या है?
बल्लभगढ़ डिपो के अलावा पलवल बस डिपो से हरिद्वार के लिए दो बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें एक बस सुबह 5:30 बजे और दूसरी सुबह 11:30 बजे चलती है। ये दोनों बसें बल्लभगढ़ बस डिपो से होकर गुजरती हैं, जिनमें यात्री सफर कर सकते हैं।
रोडवेज प्रबंधन का पक्ष
ट्रैफिक मैनेजर नवनीत बजाज के अनुसार, रात के समय हरिद्वार और देहरादून रूट पर यात्रियों की संख्या काफी कम हो जाती है। इसी वजह से फिलहाल इन बसों को बंद करने का फैसला लिया गया है। यात्रियों को हरिद्वार के लिए सुबह की बस का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
यात्रियों का कहना है कि बस सेवाएं बंद होने से उन्हें निजी साधनों या महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। एडवोकेट विकास दलाल, योगेश बंसल और विक्रम सिंह समेत कई यात्रियों ने मांग की है कि रोडवेज प्रबंधन जल्द से जल्द हरिद्वार और देहरादून के लिए बस सेवाएं दोबारा शुरू करे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।