मध्य प्रदेश के इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग के दौरान हुए भीषण धमाके ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 6 लोग बिहार के किशनगंज जिले के निवासी थे।
बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मध्य प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर सभी मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
कैसे हुआ हादसा?
इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के अनुसार, यह हादसा इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करते समय हुए विस्फोट के कारण हुआ। धमाके के बाद कार में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
एक ही परिवार के कई लोगों की मौत
इस हादसे में बिहार के व्यवसायी विजय सेठिया (65), उनकी पत्नी सुमन देवी (60), बेटी रुचिका (30), नाती तन्य जैन (10), नातिन राशि जैन (12) और भतीजे कार्तिक सेठिया (22) की मौत हो गई। इसके अलावा मकान मालिक मनोज पुगलिया (60) और उनकी बहू सिमरन (30) भी इस आग में जान गंवा बैठे। परिवार के कुछ अन्य सदस्य घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विजय सेठिया का इंदौर में इलाज चल रहा था और वे पिछले एक महीने से अपने बहनोई के घर पर रह रहे थे। उनका ऑपरेशन होना था, जिसके चलते परिवार के अन्य सदस्य भी हाल ही में इंदौर पहुंचे थे।
शोक की लहर
इस दुखद घटना के बाद बिहार के किशनगंज क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति देने की कामना की है।