महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे महानगरपालिका चुनावों के नतीजे सामने आ रहे हैं। Maharashtra BMC Election Results 2026 के रुझानों में बड़ा उलटफेर दिख रहा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत राज्य की 20 नगरपालिकाओं में BJP गठबंधन को बढ़त मिलती नजर आ रही है, जबकि कांग्रेस लातूर और चंद्रपुर में मजबूती के साथ टिकी हुई है।
इन चुनावों के नतीजों का ऐलान 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जबकि शाम 5 बजे तक अंतिम तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि BMC में करीब 9 साल बाद चुनाव हुए हैं और अधिकारियों के मुताबिक 2026 की वोटिंग ने 2017 के मतदान के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
रुझानों के मुताबिक, अगर यही स्थिति बरकरार रहती है तो करीब 28 साल बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाला शिवसेना (उद्धव गुट) का किला ढह सकता है और मुंबई को BJP मेयर मिलने की संभावना बन सकती है। यह बदलाव मुंबई की सियासत में ऐतिहासिक माना जा रहा है।
राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में गुरुवार को मतदान हुआ था। कुल 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए वोट डाले गए, जहां 15,931 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य दांव पर था। इन चुनावों में 3.48 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव से पहले राजनीति में अहम हलचल भी देखने को मिली। दो दशक पहले अलग हुए चचेरे भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे मराठी मतदाताओं को एकजुट करने के लिए एक मंच पर आए। वहीं, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने गठबंधन किया।
फिलहाल मतगणना जारी है और अंतिम नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अगर रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो महाराष्ट्र की शहरी राजनीति में सत्ता संतुलन बदलता हुआ दिख सकता है।