Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Magazines cover a wide subjects, including not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

महाराष्ट्र

एनसीपी के विलय पर अटकलें तेज, रोहित पवार बोले– 9 फरवरी के बाद सुनेत्रा पवार करेंगी स्थिति साफ

Blog Image
903

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संभावित विलय को लेकर कयास लगातार तेज होते जा रहे हैं। इस बीच शरद पवार के पोते और पार्टी के करीबी नेता रोहित पवार ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सुनेत्रा पवार 9 फरवरी के बाद इस मसले पर खुलकर बात कर सकती हैं।

रोहित पवार ने स्पष्ट किया कि फिलहाल परिवार और पार्टी स्तर पर इस विषय में कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “तेरह दिनों की अवधि पूरी होने के बाद इस पर बातचीत होगी। सुनेत्रा काकी ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है, इसलिए 9 फरवरी के बाद ही विलय को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।”

अजित पवार के निधन के बाद बढ़ी हलचल

अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ी हलचल देखी जा रही है। उनके निधन के तीन दिन बाद ही सुनेत्रा पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। इसके बाद से यह चर्चा तेज हो गई कि वह न केवल सरकार में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं, बल्कि एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल सकती हैं।

भाजपा का रुख और एनसीपी में असमंजस

इससे पहले भाजपा की ओर से भी संकेत दिए जा चुके हैं कि यदि एनसीपी के विलय को लेकर कोई योजना बनती है, तो अंतिम फैसला सुनेत्रा पवार को ही लेना होगा। वहीं अजित पवार गुट की एनसीपी में कुछ नेता विलय को लेकर असमंजस में दिखे हैं, जबकि रोहित पवार इस विचार को लेकर सकारात्मक नजर आ रहे हैं।

पारिवारिक मुलाकातों से फिर तेज हुई चर्चा

एनसीपी के विलय की अटकलों को तब और बल मिला, जब शरद पवार ने सुनेत्रा पवार से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद विद्या प्रतिष्ठान स्थित कार्यालय में हुई एक अहम बैठक ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और हवा दे दी। इस बैठक में शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार, अजित पवार के बेटे जय और पार्थ पवार, भाई श्रीनिवास पवार, चचेरे भाई राजेंद्र पवार और रोहित पवार भी मौजूद थे।

अजित पवार के स्मारक पर भी चर्चा

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में बारामती में अजित पवार के स्मारक निर्माण को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। माना जा रहा है कि शरद पवार गुट इसे आपसी नजदीकियां बढ़ाने का अवसर मान रहा है। साथ ही यह चर्चा भी सामने आई है कि यदि एनसीपी का विलय होता है, तो पार्टी की कमान सुनेत्रा पवार के हाथों में ही रह सकती है।

कुल मिलाकर, 9 फरवरी के बाद एनसीपी के भविष्य को लेकर बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post