Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Magazines cover a wide subjects, including not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

राज्य

पटना में कांग्रेस कार्यालय के बाहर बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, लाठी-डंडे और पत्थर चले, कई घायल

Blog Image
901

पटना: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। कांग्रेस कार्यालय के घेराव के लिए पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ताओं और पहले से मौजूद कांग्रेस समर्थकों के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते लाठी-डंडों और पत्थरबाजी में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 2:15 बजे सदाकत आश्रम के बाहर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। दोनों दलों के कार्यकर्ता पार्टी के झंडों के साथ आमने-सामने आ गए और कुछ ही देर में पत्थरबाजी व लाठीचार्ज शुरू हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।

बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया हमला करने का आरोप

बीजेपी नेताओं का आरोप है कि जब उनके कार्यकर्ता विरोध मार्च निकालकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे तो वहां पहले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ मौजूद थे। पार्टी का दावा है कि कांग्रेस समर्थकों ने पहले हमला किया, जिसके बाद झड़प शुरू हुई। बीजेपी ने कहा कि इस घटना में उसके 30 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायल नेताओं में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जितेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह और बलराम मंडल सहित कई अन्य शामिल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज कुर्जी अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों को पीएमसीएच रेफर किए जाने की तैयारी की गई।

कांग्रेस ने भी बीजेपी पर लगाए आरोप

वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि पहले हमला बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान बीजेपी समर्थकों ने लाठी-डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विरोध मार्च के दौरान हुआ बवाल

जानकारी के अनुसार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में कुर्जी अस्पताल से कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम तक विरोध मार्च निकाला गया था। कांग्रेस कार्यालय पहुंचने से पहले ही दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो बाद में हिंसक संघर्ष में बदल गई। बीजेपी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में था बीजेपी का मार्च

बीजेपी का यह देशव्यापी प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के घेराव के विरोध में आयोजित किया गया था। राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इसके जवाब में बीजेपी ने देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसके तहत पटना में भी यह मार्च निकाला गया।

पटना में छात्रों का प्रदर्शन भी जारी

इसी बीच पटना में नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों छात्र-छात्राएं भी सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच भी झड़प हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, लेकिन छात्रों की बड़ी संख्या के कारण स्थिति देर तक तनावपूर्ण बनी रही।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद सदाकत आश्रम और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दोनों राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है, जबकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post