महाराष्ट्र के पुणे जिले स्थित ऐतिहासिक शिवनेरी किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती समारोह के दौरान भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी मच गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कई श्रद्धालु घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है और सभी को मामूली चोटें आई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयंती के अवसर पर शिवाजी महाराज के जन्मस्थान पर ऐतिहासिक रस्मों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त आधी रात से ही किले पर पहुंचने लगे थे। ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था। किले की क्षमता से अधिक भीड़ जुटने के कारण अंबरखाना के नीचे का मार्ग, हट्टी दरवाजा और गणेश दरवाजा जैसे संकरे रास्तों पर दबाव बढ़ गया। इसी दौरान एक जगह रेलिंग टूटने की भी सूचना है, जिसके बाद लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए।
न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में करीब 15 से 20 लोग घायल हुए, जबकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं थी। पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल, जो मौके पर मौजूद हैं, ने भगदड़ की खबरों से इनकार करते हुए बताया कि नीचे उतरने की जल्दबाजी में एक युवक का पैर फिसल गया था, जिससे सीढ़ियों पर 7–8 लोग गिर पड़े और 3–4 लोगों को हल्की चोटें आईं।
प्रशासन ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में युवा और शिवभक्त शिव ज्योत लेकर शिवनेरी किले पर पहुंचे थे, जिसके चलते किले परिसर में देर रात तक भारी भीड़ बनी रही।