Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Magazines cover a wide subjects, including not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

मध्य प्रदेश

उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर तनाव, पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज; 10 पर FIR, 5 गिरफ्तार

Blog Image
900

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की योजना को लेकर सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। मस्जिद के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

घटना के बाद उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया है। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 2,500 पुलिसकर्मी और अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। संभागायुक्त, एडीजी, डीआईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

मस्जिद के पास जुटी भीड़, पुलिस से हुई झड़प

जानकारी के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाया जाना प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि रविवार रात पुलिस-प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच बातचीत के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे हिस्से को स्वयं हटाने पर सहमति जताई थी।

हालांकि, सोमवार सुबह कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में जमा होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति उस समय बिगड़ गई जब कुछ लोगों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

पुलिस के मुताबिक, पथराव की घटना में एक-दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।

10 लोगों पर FIR, 5 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, उपद्रव और पथराव के मामले में अब तक 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

उज्जैन के सभी स्कूल बंद

शाही मस्जिद को लेकर हुए विवाद के बाद प्रशासन ने उज्जैन के सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों से बच्चों को जल्द से जल्द घर ले जाने की अपील की गई।

कलेक्टर की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें

उज्जैन कलेक्टर ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है और विभिन्न समुदायों के लोग प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।

कलेक्टर के मुताबिक, छतरी स्थल पर सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे धार्मिक स्थल को भी संबंधित समुदाय के लोग अपनी सहमति से हटाने में सहयोग कर रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट सूचनाओं से बचने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।

शहर में हाई अलर्ट

घटना के बाद उज्जैन में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post