पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने ताबड़तोड़ रैलियां कर तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
सोमवार को धनखाली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 4 मई को जब चुनाव परिणाम आएंगे, तब “टीएमसी के गुंडे सड़कों पर पंक्चर बनाते नजर आएंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि पहले चरण के मतदान के बाद ही टीएमसी कार्यकर्ताओं में डर का माहौल है और वे अब अपने लिए ठिकाना ढूंढ रहे हैं।
TMC पर लगाए गंभीर आरोप
योगी आदित्यनाथ ने Mamata Banerjee के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए विकास और गरीब कल्याण के पैसे का दुरुपयोग किया जाता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कोलकाता के बड़े बाजार क्षेत्र में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने गुरुदेव Rabindranath Tagore की विरासत से जुड़ी एक हवेली पर कब्जा कर पार्टी के झंडे लगा दिए थे, जिन्हें बाद में न्यायालय के आदेश पर हटाना पड़ा।
‘डबल इंजन सरकार’ की अपील
सीएम योगी ने मतदाताओं से भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” ही राज्य में सुरक्षा, सुशासन और विकास की गारंटी दे सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर दलितों, वंचितों, गरीबों और महिलाओं को उनके अधिकार और सम्मान मिलेंगे।
‘TMC का मतलब टेरर और करप्शन’
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि राज्य में उद्योग-धंधे ठप हैं, युवा बेरोजगार हैं और किसान बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि “TMC का मतलब टेरर, माफियाराज और करप्शन बन चुका है।”
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों के उत्पीड़न और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ जनता का आक्रोश अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है।
भाजपा के पक्ष में माहौल का दावा
सभा के अंत में योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि धनखाली सहित पूरे राज्य में जनता का रुझान भाजपा की ओर है और आने वाले चुनाव परिणामों में यह समर्थन स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और “टीएमसी मुक्त बंगाल” की दिशा में आगे बढ़ रही है।