बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वरिष्ठ अधिकारियों के कुल 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई में किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार और सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार निशाने पर हैं।
EOU की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, एसडीपीओ गौतम कुमार पर आय से लगभग 60 प्रतिशत अधिक, करीब 1.94 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। उनके पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित छह ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
वहीं, डीआरडीए सहरसा के निदेशक वैभव कुमार पर आय से 78 प्रतिशत अधिक, लगभग 2.41 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाने का आरोप है। उनके सहरसा और मुजफ्फरपुर के छह ठिकानों पर ईओयू की टीम छापेमारी कर रही है।
मुजफ्फरपुर के मानियारी थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक आवास और एक आईटीआई कॉलेज में भी तलाशी ली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यहां से बड़ी मात्रा में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि वैभव कुमार के पिता एल.एन. झा एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर और अंग्रेजी के जाने-माने विद्वान हैं। ईओयू ने एक दिन पहले ही मामला दर्ज कर अदालत से वारंट लेने के बाद यह कार्रवाई शुरू की।
छापेमारी ईओयू के एसपी और वरीय डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में जारी है। फिलहाल टीम सभी स्थानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।