Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Magazines cover a wide subjects, including not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

उत्तर प्रदेश

गोरखपुर रोडरेज: पिता के साथ जा रही युवती को कार से खींचकर पीटा, छेड़छाड़ का आरोप; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Blog Image
901

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रोडरेज का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद कुछ युवकों ने 24 वर्षीय युवती को कार से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की, अभद्रता की और कपड़े फाड़ने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामूली टक्कर के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय युवती 9 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे अपने बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से रेलवे अस्पताल ले जा रही थी। शाहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे अस्पताल के पास उसकी कार की एक बाइक से मामूली टक्कर हो गई।

युवती का आरोप है कि बाइक सवार ने अपनी गलती मानने के बजाय उससे माफी मांगने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया, जो काली स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे।

बाल पकड़कर मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे कार से बाहर खींच लिया, बाल पकड़कर सड़क पर गिराया और लात-घूंसों से मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की, गलत तरीके से छुआ, कपड़े फाड़ने की कोशिश की और दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उसकी कार में भी तोड़फोड़ कर शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए।

घटना के दौरान युवती के बीमार पिता कार में ही मौजूद थे और पूरी घटना देखने को मजबूर रहे। पीड़िता ने राहगीरों से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ीं गंभीर धाराएं

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर में कई गंभीर धाराएं जोड़ दीं। शुरुआत में हल्की धाराओं में दर्ज मुकदमे में बाद में हत्या के प्रयास, महिला की लज्जा भंग करने, मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य संबंधित धाराएं शामिल की गईं।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी राज निषाद, जो गोरखपुर के पादरी बाजार क्षेत्र का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदिनी को सौंपी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है।

पीड़िता का दावा

पीड़िता का कहना है कि वह सभी आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकती है। उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी उसे और उसके परिवार को धमकाते हुए फरार हो गए, जिससे परिवार में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post